सोनारडीह ओपी से चंद कदम दूर BCCL कर्मी को गोली, केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी

सोनारडीह ओपी से चंद कदम दूर BCCL कर्मी को गोली, केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी

धनबाद: धनबाद के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी। घटना ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप की है, जहां रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश रविदास पर केबल चोरी का विरोध करने पर फायरिंग कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 1 से 1:30 बजे आधा दर्जन अपराधी समरसेबल पंप से केबल चोरी कर रहे थे। ड्यूटी पर मौजूद उमेश रविदास ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे नाराज अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाएं पैर को आर-पार कर गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल कर्मी ने किसी तरह अपने साथियों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल, धनबाद रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने मौके पर पहुंचकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब थाना से कुछ दूरी पर ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीसीसीएल के इस समरसेबल पंप में केबल चोरी की यह लगातार तीसरी घटना है, लेकिन अब तक अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!