BCCL नौकरी के लालच में बेटे ने कराई पिता की हत्या, 10 लाख की सुपारी देकर रची साजिश; तीन गिरफ्तार

धनबाद: बरोरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले शव मामले का धनबाद पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की लालच में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रची थी। इस जघन्य वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 20 जून 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बरोरा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनिया के रूप में हुई। तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक के पुत्र विजय नोनिया ने बीसीसीएल में पिता की जगह नौकरी पाने के उद्देश्य से अपने पिता की हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े, जूते-चप्पल, गमछा तथा मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अखिलेश मल्लाह, अमित कुमार सिंह और मृतक का पुत्र विजय नोनिया शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।