धनबाद पुलिस का वार्षिक फायरिंग दक्षता अभियान शुरू, DC-SSP ने साधा सटीक निशाना

18 से 30 जून तक चलेगा मार्क्समैनशिप अभियान, 2586 पुलिसकर्मियों की होगी फायरिंग दक्षता जांच

धनबाद: जिले में पुलिस बल की निशानेबाजी और हथियार संचालन क्षमता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वार्षिक फायरिंग दक्षता अभ्यास (मार्क्समैनशिप) अभियान की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार सुबह झारखंड सशस्त्र पुलिस-3 के भूंईफोड़ मंदिर के पीछे स्थित फायरिंग रेंज में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार समेत कई वरीय अधिकारियों ने फायरिंग कर अभियान का शुभारंभ किया।

अभ्यास के दौरान अधिकारियों ने लेटकर, बैठकर, घुटनों के बल और खड़े होकर विभिन्न पोजीशन में लक्ष्य पर निशाना साधा। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि फायरिंग अभ्यास पुलिस प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे निशानेबाजी कौशल, सुरक्षित हथियार संचालन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित होती है।
इस दौरान उपायुक्त ने फायरिंग रेंज के सुदृढ़ीकरण के लिए गोविंदपुर अंचल और वन विभाग के अमीन को मौके पर बुलाकर भूखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे क्षेत्र के किनारे ट्रेंच कटिंग कर पहाड़ी से आने वाले पानी को निकट स्थित तालाब तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 18 जून से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में जिले के कुल 2586 पुलिस पदाधिकारी और जवान भाग लेंगे। अभियान के तहत सभी प्रतिभागियों की निशानेबाजी, हथियार संचालन क्षमता और फायरिंग कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को विभिन्न पोजीशन में फायरिंग का अभ्यास कराया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति या कानून-व्यवस्था की चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। साथ ही सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
एसएसपी ने बताया कि नियमित फायरिंग अभ्यास से पुलिसकर्मियों में आत्मविश्वास बढ़ता है, रिकॉइल के डर पर नियंत्रण मिलता है और कठिन परिस्थितियों में सटीक एवं नियंत्रित कार्रवाई की क्षमता विकसित होती है। प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक पुलिसकर्मी की लक्ष्यदक्षता का आकलन किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अभ्यास के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।