सीएमआरआई गेट के पास देर रात चला ड्रंक एंड ड्राइव अभियान, 8 वाहन जब्त

धनबाद: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने शुक्रवार देर रात सीएमआरआई गेट के पास विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया। यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान में ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश सहित ट्रैफिक पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। देर रात तक चले इस विशेष अभियान के दौरान चारपहिया और दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ ब्रेथ एनालाइजर मशीन से शराब सेवन की भी जांच की गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 500 से अधिक वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के क्रम में 8 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त कर लिया गया।
ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है। ऐसे चालक न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं। इसी वजह से जिले में नियमित रूप से जागरूकता अभियान और विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।