झरिया में सनसनीखेज हत्या, दामोदर नदी श्मशान घाट के यात्री शेड में मिला युवक का शव

झरिया: भौरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कालीमेला स्थित दामोदर नदी श्मशान घाट में सोमवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। श्मशान घाट के यात्री शेड के अंदर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग अंतिम संस्कार के लिए दामोदर नदी घाट पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर यात्री शेड के भीतर पड़े शव पर पड़ी। घटना की सूचना तत्काल भौरा ओपी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी सौरभ सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे वारदात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस ने मौके से एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल, उसकी चाबी तथा एक धारदार हथियार बरामद किया है। बताया जा रहा है कि हथियार को कागज में लपेटकर रखा गया था। इसके अलावा शव के पास खाने-पीने का सामान, चिकन चिल्ली, भुजिया, माचिस और एक जोड़ी चप्पल भी मिली है।
मृतक ने चेकदार शर्ट और कॉफी रंग की पैंट पहन रखी थी। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास में लगी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जब्त कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।