फर्जी आधार का खेल बेनकाब! परीक्षा में बैठाने की साजिश पर पुलिस का बड़ा एक्शन

बोकारो: कौशल विकास प्रशिक्षण के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के संथालडीह मोड़ स्थित “शिक्षा एवं कल्याण समिति” नामक NGO में प्रशिक्षित युवाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे थे। आरोप है कि इन्हीं नकली पहचान पत्रों के आधार पर युवाओं को परीक्षा में बैठने के लिए दबाव डाला जा रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ युवाओं ने इस अनियमितता का विरोध किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एएसपी सह एसडीपीओ चास वेदान्त शंकर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
छापेमारी में बरामद सामान
लेनोवो लैपटॉप
कैनन प्रिंटर
तीन फर्जी आधार कार्ड
ओप्पो, वीवो और वनप्लस मोबाइल फोन
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने NGO संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में:
प्रदीप कुमार कसेरा (वाराणसी निवासी)
धर्मेन्द्र कुमार (गया निवासी)
नरेन्द्र कुमार (सिंदरी निवासी)
शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 61/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी आधार कार्ड बनाकर परीक्षा में बैठाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितने लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया है।