बकरीद को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, मॉक ड्रिल कर भीड़ नियंत्रण का किया अभ्यास

पुलिस केंद्र में जवानों को आपात स्थिति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का दिया गया प्रशिक्षण

धनबाद: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। इसी कड़ी में धनबाद पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न तरह की परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस बल तुरंत और प्रभावी कार्रवाई कर सके। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को संवेदनशील हालात में संयम और सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से पुलिस बल को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

सिटी एसपी ने कहा कि धनबाद पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी भाईचारा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।