


पूर्वी टुंडी, धनबाद
धनबाद में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पूर्वी टुंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। इस दौरान एक सवारी टेंपो को भी कब्जे में लिया गया, जबकि मौके से भागने की कोशिश कर रहे तस्कर को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार धनबाद एसएसपी को सूचना मिली थी कि गोविंदपुर की ओर से एक ऑटो में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में एएसआई सिप्रियानुस तिर्की एवं सशस्त्र बल के जवानों ने बड़बाद जंगल मेन रोड के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान गोविंदपुर की तरफ से आ रहा पैसेंजर टेंपो संख्या BR09PA 2005 पुलिस को देखकर अचानक रुक गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पहले से सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
जब पुलिस ने टेंपो की तलाशी ली तो सभी हैरान रह गए। तस्कर ने वाहन की सीट के नीचे बेहद शातिराना तरीके से गुप्त तहखाना बना रखा था, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने बरामद किया:
रॉयल स्टैग 375 ML की 350 बोतलें
आइकॉनिक 375 ML की 50 बोतलें
एक सवारी टेंपो संख्या BR09PA 2005
एक रियलमी स्मार्टफोन सिम कार्ड सहित
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललन कुमार (37 वर्ष), पिता सागर साहनी, निवासी ईशापुर, थाना भगवानपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है।
इस मामले में पूर्वी टुंडी थाना में कांड संख्या 31/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274/275/3(5) एवं झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही अब इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है कि धनबाद में शराब की यह खेप किसके जरिए सप्लाई की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट: रोहित मंडल
पूर्वी टुंडी, धनबाद