अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य : उपायुक्त आदित्य रंजन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: जिले में पेट्रोल-डीजल खत्म होने और कीमत बढ़ने की अफवाहों के बीच उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बुधवार देर शाम अफवाहों के कारण जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोग अतिरिक्त ईंधन भरवाने पहुंच गए, जिससे कई जगहों पर लंबी कतारें लग गईं और सामान्य व्यवस्था प्रभावित हुई।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें।
उन्होंने बताया कि स्थिति की समीक्षा को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में जिले की सभी तेल कंपनियों के साथ बैठक बुलाई गई है। जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।