प्रिंस खान के माता-पिता को पुलिस ने उठाया, दो घंटे तक चली पूछताछ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद। गैंगस्टर प्रिंस खान के वायरल वीडियो के बाद धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस हर हाल में प्रिंस खान को धनबाद लाने की कोशिश में जुटी हुई है। इसके लिए उसके गैंग के सदस्यों के साथ-साथ परिवार पर भी दबाव बनाया जा रहा है।
मंगलवार को प्रिंस खान के पिता नासिर खान और मां नासरीन परवीन धनबाद कोर्ट पहुंचे थे। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही पुलिस दोनों को अपने साथ धनबाद थाना ले गई। वहां करीब दो घंटे तक उनसे पूछताछ की गई।
पूछताछ में डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम, बैंक मोड़ थाना प्रभारी, सरायढेला थाना प्रभारी और धनबाद थानेदार शामिल रहे। पुलिस ने प्रिंस खान की लोकेशन, उसके संपर्कों और परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की।
हालांकि पूछताछ के दौरान पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। प्रिंस खान की मां ने बताया कि परिवार ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया है और फिलहाल उन्हें उसके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि गोपी खान दुबई में है, जबकि बंटी के बारे में भी उन्हें जानकारी नहीं है।
करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि प्रिंस खान के तीन भाई अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जबकि एक भाई गोडबिन फिलहाल जेल में बंद है।