कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में दुकानों का आवंटन पूरा, शिफ्टिंग को लेकर छोटे विक्रेताओं की बढ़ी चिंता

कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में दुकानों का आवंटन पूरा, शिफ्टिंग को लेकर छोटे विक्रेताओं की बढ़ी चिंता

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद। कोर्ट के समीप स्थित कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में छोटे विक्रेताओं को बसाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। नगर निगम द्वारा 7 मई को आयोजित लॉटरी प्रक्रिया के तहत 177 छोटे विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की गईं। हालांकि, अब शिफ्टिंग और दुकान हस्तांतरण को लेकर विक्रेताओं की चिंता बढ़ने लगी है।


बुधवार को कोर्ट रोड के दोनों ओर ठेला लगाकर कारोबार करने वाले कई विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं सामने रखीं। विक्रेता अजय साव ने बताया कि पहले वेंडिंग जोन तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की मांग की गई थी, जिसके बाद नगर निगम ने एप्रोच रोड का निर्माण कराया। लेकिन जिन लोगों को पहले दुकानें आवंटित हुई थीं, उन्होंने अब तक दुकानों में ताला लगा रखा है। ऐसे में नए आवंटित विक्रेताओं के सामने सामान रखने और कारोबार शुरू करने की समस्या खड़ी हो गई है।


उन्होंने कहा कि पहले भी कई विक्रेताओं ने वेंडिंग जोन में दुकान लगाने की कोशिश की थी, लेकिन ग्राहकों की कमी और बिक्री नहीं होने से नुकसान उठाना पड़ा। अब नए स्थान पर शिफ्ट होने के बाद रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वहीं, विक्रेता बप्पी घोष ने कहा कि नगर निगम ने कोर्ट रोड पर ठेला लगाने से मना कर दिया है और वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने को कहा है, लेकिन अब तक दुकान का वास्तविक कब्जा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि केवल नाम घोषित कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक दुकान पूरी तरह हस्तांतरित नहीं की जाती।
इस पूरे मामले पर मेयर Sanjeev Singh ने कहा कि वेंडिंग जोन में दुकानों के आवंटन से कोर्ट रोड पर लगने वाले जाम और पार्किंग की समस्या का समाधान होगा। नगर निगम की प्राथमिकता छोटे विक्रेताओं और आम लोगों की सुविधा है। इसी उद्देश्य से वेंडिंग जोन को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की आसान पहुंच के लिए एप्रोच रोड भी तैयार कर दिया गया है।

About Author

error: Content is protected !!