सोनारडीह में भूधंसान का कहर: आधी बस्ती 10 फीट नीचे धंसी, लोगों में दहशत

सोनारडीह में भूधंसान का कहर: आधी बस्ती 10 फीट नीचे धंसी, लोगों में दहशत

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बाघमारा : धनबाद के सोनारडीह क्षेत्र में गुरुवार देर रात भूधंसान की एक भयावह घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अचानक जमीन धंसने से आधी बस्ती करीब 10 फीट नीचे चली गई। देखते ही देखते सड़कें, घर और आसपास का इलाका जमीन में समा गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय तेज गर्जना जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद जमीन में दरारें पड़ने लगीं और कुछ ही पलों में कई घर धंस गए। स्थिति को भांपते हुए लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना में पूर्व प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया का घर पूरी तरह जमींदोज हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
भूधंसान के कारण कई परिवार बेघर हो गए हैं और रातभर खुले आसमान के नीचे या सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति काफी दयनीय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनारडीह क्षेत्र में पहले भी कई बार भूधंसान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों के घर, सड़कें और बुनियादी सुविधाएं खतरे में हैं।
फिलहाल प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। वहीं, इलाके में अब भी भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

About Author

error: Content is protected !!