लोयाबाद में बंद घर में चोरी, 45 हजार नकद समेत 6 लाख के जेवरात उड़ाए, मामला संदिग्ध

धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के छह नंबर इलाके में चोरी की एक बड़ी और संदिग्ध घटना सामने आई है। अपराधियों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार बीसीसीएल कर्मी कन्हाई चौहान अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने लोहरबरवा गए हुए थे। इस दौरान घर पूरी तरह बंद था। रविवार की रात अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने करीब 45 हजार रुपये नकद और लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामानों में सोने की बाली, हार, नथ, अंगूठी, डोलना तथा चांदी के पायल, कमरबंद, बिछिया और माला शामिल हैं।
इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस कमरे में अलमारी रखी हुई थी, उसके दरवाजे और ताले को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। इससे यह आशंका जता ई जा रही है कि चोरों ने मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर ताला खोला और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
हालांकि घर के एक अन्य कमरे का दरवाजा टूटा हुआ मिला है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
गृहस्वामी जब अपने पुत्र के साथ घर लौटे तो बाहर का ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो एक कमरे का दरवाजा टूटा हुआ था। जब अलमारी वाले कमरे का ताला खोलकर अंदर गए, तो अलमारी टूटी पड़ी थी और उसमें रखे सभी कीमती सामान गायब थे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घर पहुंचे। सामान गायब देख गृहस्वामी की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पीड़ित ने लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए संदीप कुमार और उसके साथियों पर संदेह जताया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि शिकायत मिल गई है और मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।