टुंडी–बरवाअड्डा रोड पर बदहाल व्यवस्था: सड़क पर बह रहा शौचालय का गंदा पानी, गुस्साए ग्रामीणों ने किया जाम

धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत कटनियां पंचायत के ओझाडीह मंडल टोला में प्रशासन की लापरवाही खुलकर सामने आ गई है। यहां शौचालय का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, और वह भी मुख्य टुंडी–बरवाअड्डा रोड पर, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ग्रामीणों का कहना है कि कोरोना काल में बनाए गए शौचालयों का पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। नतीजा यह है कि रोज़ाना गंदा पानी सड़क पर फैलता है, जिससे बदबू, गंदगी और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसी रास्ते से लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन अब यह सड़क गंदगी का नाला बन चुकी है।

प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने टुंडी–बरवाअड्डा रोड को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का साफ कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनकी परेशानी चरम पर पहुंच गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पानी निकासी की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उनका आरोप है कि अधिकारी सिर्फ कागजों में काम दिखा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत बेहद शर्मनाक है।

फिलहाल सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन अब भी मौन है।

About Author

error: Content is protected !!