धनबाद | कतरास (रामकनाली ओपी क्षेत्र) — कानून और प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए केसलपुर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के पीछे अवैध कोयला खनन का काला कारोबार धड़ल्ले से जारी है। हैरानी की बात ये है कि ये सब कुछ दिन के उजाले में हो रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की नजर अब तक नहीं पड़ी या फिर जानबूझकर आंखें मूंदी जा रही हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के मुताबिक, बंद पड़े दो मुहानों को फिर से सक्रिय कर बाहरी मजदूरों से अवैध कटाई करवाई जा रही है। वहीं जीरो सीम इलाके में भी यही खेल खुलेआम जारी है। दिन में कोयला निकाला जाता है और रात होते ही पिकअप वैन से इसे डिपो तक पहुंचाकर ट्रकों के जरिए मंडियों में खपाया जा रहा है।
सबसे बड़ा खतरा — अस्पताल पर मंडरा रहा संकट
सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के ठीक पीछे चल रहे इस अवैध खनन से भवन की नींव तक खतरे में आ गई है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे मरीजों और कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
सवालों के घेरे में प्रशासन
इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध धंधे पर आखिर किसका संरक्षण है? क्या स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक नहीं, या फिर सब कुछ मिलीभगत से हो रहा है?
स्थानीय लोगों में आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा है और इलाके में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बावजूद इसके, कार्रवाई के नाम पर अब तक सिर्फ सन्नाटा है।
अब देखना ये है कि प्रशासन कब जागेगा — या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?