झारखंड की पहली 8 लेन सड़क फिर धंसी, 400 करोड़ की लागत पर उठे गंभीर सवाल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद में झारखंड की पहली 8 लेन सड़क फिर धंस गई। 400 करोड़ की लागत से बनी इस सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जानिए पूरा मामला।

धनबाद: झारखंड के धनबाद से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां राज्य की पहली और एकमात्र 8 लेन सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
भूली–झारखंड मोड़ स्थित क्रेशर के पास 8 लेन सड़क के सर्विस रोड में अचानक बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे आवागमन पूरी तरह से खतरे में पड़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया और कुछ ही देर में यह गड्ढा बेहद गहरा और जानलेवा बन गया। इस मार्ग से गुजरने वाले लोग अब डर के साये में हैं और किसी भी वक्त बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना के पीछे भूमिगत पाइपलाइन के टूटने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण जमीन अंदर से कमजोर हो गई, जिसके चलते सड़क का हिस्सा धंस गया।
गौरतलब है कि यह सड़क करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई थी, जिसमें विश्व बैंक की सहायता भी शामिल रही है। इसके बावजूद बार-बार सड़क धंसने की घटनाएं निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
यह पहली बार नहीं है जब इस सड़क पर इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी कई बार इसी स्थान पर “गोफ” बन चुका है, लेकिन हर बार अस्थायी मरम्मत कर मामले को टाल दिया गया। स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला जा सका है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित यातायात बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।