धनबाद में स्वच्छता की मिसाल: DC-SSP ने लोगों के साथ मिलकर किया श्रमदान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार 14 मार्च 2026 को धनबाद के धैया स्थित रानी तालाब में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिले के वरीय अधिकारी खुद कुदाल और फावड़ा लेकर लोगों के साथ तालाब की सफाई करने मैदान में उतरे।

धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार और अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे सहित जिले के कई पदाधिकारी रानी तालाब में उतरकर श्रमदान करते नजर आए। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तालाब परिसर की सफाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान धनबाद नगर निगम के सभी पदाधिकारी और कर्मी सुबह 6:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सफाई अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। अभियान के तहत तालाब की सफाई के साथ-साथ परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

मौके पर डीसी और एसएसपी ने धनबाद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई जरूर करे।
साथ ही सभी वार्ड पार्षदों से कहा गया कि वे अपने-अपने वार्ड में सबसे ज्यादा गंदे स्थान को चिन्हित करें, ताकि नगर निगम की टीम के साथ मिलकर उसका जीर्णोद्धार किया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि जो वार्ड स्वच्छता अभियान में बेहतर प्रदर्शन करेगा, वहां विशेष रूप से विकास योजनाओं को लागू किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य न केवल रानी तालाब की सफाई करना है, बल्कि पूरे शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।