बोकारो में सनसनी: सरकारी कुएं में तैरता मिला युवक का शव, शादी में आया था मेहमान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोकारो : जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उसरडीह गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सरकारी कुएं में युवक का शव तैरता हुआ मिला।
जानकारी के अनुसार, बेलुंजा पंचायत के उसरडीह गांव में एक ग्रामीण पानी भरने के लिए सरकारी कुएं पर पहुंचा। इसी दौरान उसकी नजर कुएं के पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही चास मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान माराफारी थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह निवासी सुखदेव सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह 9 मार्च को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए तेनुघाट के ओलगड्डा से आई बारात के साथ उसरडीह आया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक कुएं तक कैसे पहुंचा। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।