धनबाद के बरटाँड़ बस स्टैंड को लिलोरी स्थान शिफ्ट करने का विरोध, झरिया विधायक रागिनी सिंह ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कहा – शहर से 15 किमी दूर बस स्टैंड ले जाने से मजदूर, छात्र और यात्रियों को होगी भारी परेशानी
धनबाद: धनबाद के बरटाँड़ बस स्टैंड को शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर कतरास के लिलोरी स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रस्तावित योजना का विरोध शुरू हो गया है। इस मुद्दे को झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में उठाया और सरकार से जवाब मांगा।
विधायक रागिनी सिंह ने सदन में कहा कि बस स्टैंड को शहर से दूर ले जाने का फैसला आम यात्रियों की सुविधा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से मजदूरों, छात्रों, ग्रामीण यात्रियों और छोटे कारोबारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में बरटाँड़ बस स्टैंड परिसर में लगभग 21 एकड़ जमीन उपलब्ध है, जिसे फिलहाल नगर निगम द्वारा सफाई कार्य के लिए एक निजी एजेंसी को दिया गया है।
विधायक ने सरकार से सवाल किया कि जब शहर के भीतर इतनी बड़ी जमीन मौजूद है, तो बस स्टैंड को शहर से बाहर शिफ्ट करने की क्या जरूरत है। उनका कहना है कि इससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे और शहर के व्यापार तथा यातायात व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।
रागिनी सिंह ने सरकार से मांग की कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धनबाद शहर में ही आधुनिक सुविधाओं के साथ बस स्टैंड का विकास किया जाए।