बिहार से छात्र का अपहरण कर धनबाद लाए बदमाश, चाय पीने रुके तो स्कॉर्पियो से कूदकर भागा, सीधे पहुंचा रेल थाना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बिहार पुलिस परीक्षा पास कर चुका है छात्र, अपहरणकर्ताओं ने एडमिट कार्ड फाड़ा और मोबाइल तोड़ा
धनबाद: बिहार के गया जिले से एक छात्र का अपहरण कर उसे स्कॉर्पियो में बैठाकर धनबाद लाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि अपहृत छात्र की सूझबूझ से वह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से निकलकर सीधे धनबाद रेल थाना पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र को सोमवार को चार युवकों ने जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया। इसके बाद उसे लेकर गयाजी से धनबाद की ओर निकल गए।
अपहरण के दौरान आरोपियों ने छात्र का मोबाइल फोन तोड़ दिया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। रास्ते में जब बदमाश चाय-नाश्ते के लिए रुके, तभी छात्र ने मौका पाकर स्कॉर्पियो से भागने की कोशिश की। उसे भागता देख अपहरणकर्ताओं ने पीछा भी किया, लेकिन छात्र दौड़ते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन के अंदर स्थित रेल थाना में घुस गया।
छात्र के थाने में पहुंचते ही अपहरणकर्ता स्कॉर्पियो लेकर वहां से फरार हो गए।
पीड़ित छात्र ने बताया कि वह बिहार के वजीरगंज का रहने वाला है और हाल ही में उसने बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा पास की है। जल्द ही उसका शारीरिक परीक्षण होना है। छात्र का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उसका एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज फाड़ दिए तथा उसके साथ मारपीट भी की। उसने यह भी बताया कि अपहरण के दौरान उसे नशीली दवा दी गई थी, जिससे वह कुछ समय के लिए अचेत हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस ने छात्र के परिजनों को जानकारी दी। देर शाम उसके परिजन गया से धनबाद पहुंच गए। छात्र और उसके परिजनों ने बताया कि गया पहुंचने के बाद वे पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे, ताकि अपहरण में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
फिलहाल रेल पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर छात्र को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। अपहरण के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि बिहार पुलिस की परीक्षा से रोकने के लिए किसी परिचित ने इस घटना को अंजाम दिया हो।