पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, प्रिंस खान का शूटर और दरोगा घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: कोयलांचल में एक बार फिर पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी भिड़ंत की खबर सामने आई है। रविवार शाम सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित धनबाद पब्लिक स्कूल के पास पुलिस और कुख्यात गैंग्स ऑफ वासेपुर से जुड़े प्रिंस खान के शूटर के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस घटना में पुलिस के एक अधिकारी और एक अपराधी के घायल होने की जानकारी मिली है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के गुर्गे इलाके में किसी व्यवसायी से रंगदारी वसूलने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस ने इलाके में जाल बिछाकर निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान जैसे ही संदिग्ध अपराधी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की। खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर बम और गोलियों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अपराधियों की ओर से किए गए हमले में सरायढेला थाना के सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें प्रिंस खान का एक शूटर गोली लगने से घायल हो गया। घायल अपराधी को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रही है। मामले को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।