रांची में रेस्टोरेंट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कर्मचारी की मौत से इलाके में दहशत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची : राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटियातू चौक स्थित टीटास रेस्टोरेंट में शनिवार रात बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी की घटना में होटल के एक कर्मचारी को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में काफी आक्रोश भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के दौरान रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि घटना के करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिल पाई है।

पुलिस इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इधर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा ने मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया है। इसके बावजूद अब तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस की टीम लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है।