चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, शंकराचार्य पर लगाया आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रयागराज जाने के दौरान रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार सुबह आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ। आशुतोष ब्रह्मचारी वही हैं जिन्होंने हाल ही में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बटुकों से यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था।
आशुतोष ब्रह्मचारी के मुताबिक, वह रीवा एक्सप्रेस से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहे थे और फर्स्ट एसी कोच में बैठे थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे, जब ट्रेन सिराथू रेलवे स्टेशन के पास थी, तब वह टॉयलेट जाने के लिए उठे। इसी दौरान कोच के गेट के पास खड़े एक व्यक्ति ने पीछे से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की और चेहरे व हाथ पर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहा। आशुतोष ब्रह्मचारी ने किसी तरह जान बचाकर ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया और वहीं से जीआरपी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद और अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। जीआरपी ने उनकी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सब दिखावा और मीडिया का ध्यान खींचने की कोशिश है। उनके मुताबिक, आशुतोष माहौल बनाने और सुरक्षा पाने के लिए ऐसा आरोप लगा रहे हैं।
इस पर पलटवार करते हुए आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि “मेरे खून की एक-एक बूंद का हिसाब लिया जाएगा। हमलावर कह रहा था कि तुम्हारी नाक काटकर अपने गुरु के चरणों में चढ़ानी है। हम कानून के जरिए लड़ाई लड़ेंगे।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।