रांची : थाना हाजत में बंद आरोपी ने की आत्महत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रांची | 5 मार्च 2026 — राजधानी रांची के नामकुम थाना परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना हाजत (लॉक-अप) में बंद एक आरोपी ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

खूंटी का रहने वाला था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार मृतक आरोपी झारखंड के खूंटी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसका व्यवहार असामान्य था। हालांकि उसे किस मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसने हाजत के अंदर आत्महत्या कैसे की, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

मौके पर पहुंचे वरीय अधिकारी

थाना परिसर के भीतर हुई इस घटना ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस के कई वरीय अधिकारी नामकुम थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। साथ ही हाजत और थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

आत्महत्या का कारण अब भी रहस्य

फिलहाल आरोपी के आत्महत्या करने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं यह सुरक्षा में चूक का मामला तो नहीं या फिर आरोपी ने किसी मानसिक दबाव के कारण यह कदम उठाया।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

About Author

error: Content is protected !!