होली के जश्न में चली गोली, धनबाद में दो युवक घायल — डीजे और पैसों के विवाद ने लिया हिंसक रूप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : होली के जश्न के बीच धनबाद में फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली मनाने के दौरान अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। इस घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान बरमसिया त्रिमूर्ति सदन के पास रहने वाले विष्णु कुमार और पुष्पक मिश्रा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगी है।
घायल विष्णु कुमार ने बताया कि वह ठेकेदार विकास लाला के लिए पेटी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। गोधरा में एक अस्पताल निर्माण के दौरान करीब ढाई लाख रुपये बकाया थे। उसी पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि विकास लाला और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी।
वहीं घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि होली के जश्न के दौरान फुटबॉल ग्राउंड में काफी लोग जमा थे। इसी बीच मारपीट शुरू हो गई और फिर गोली चल गई। पुष्पक ने आरोप लगाया कि विकास लाला ने ही गोली चलाई। पुष्पक दिल्ली में पढ़ाई करता है और अपने दादा की तेरहवीं में शामिल होने के लिए बरमसिया आया हुआ था।
इधर धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई। हालांकि पुलिस के मुताबिक एक पक्ष इसे पैसों के लेन-देन का विवाद बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष जमीन खरीद-बिक्री के विवाद को वजह बता रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।