पुलिस चेकिंग में हंगामा, ‘पापा’ लिखी थार ने तोड़ी बैरिकेडिंग; शराब के नशे में 4 गिरफ्तार

पुलिस चेकिंग में हंगामा, ‘पापा’ लिखी थार ने तोड़ी बैरिकेडिंग; शराब के नशे में 4 गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!


बोकारो : नशे में वाहन चलाना और पुलिस से उलझना चार लोगों को महंगा पड़ गया। गरगा पुल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान ‘पापा’ लिखी एक थार ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डाल दी। पीछा कर पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया। वहीं, एक टाटा पंच (JH09BA 5612) के चालक ने भी शराब के नशे में पुलिस से बदतमीजी की। दोनों मामलों में कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

बोकारो पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार घटना के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।


केस 1: नंबर प्लेट पर ‘पापा’ लिख पुलिस पर चढ़ाने का प्रयास
रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट की ओर से आ रही काले रंग की थार (JH09BN 4141) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। थार की नंबर प्लेट पर नंबरों को डिजाइन कर ‘पापा’ लिखा हुआ था। रुकने के बजाय चालक ने पुलिस बैरिकेडिंग को टक्कर मार दी और भागने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने पीछा कर थार को पकड़ लिया। जांच में चालक शराब के नशे में पाया गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ बी.एस. सिटी थाना कांड संख्या 33/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
केस 2: टाटा पंच सवारों ने की पुलिस से उलझने की कोशिश
उसी चेकपोस्ट पर जांच के दौरान टाटा पंच (JH09BA 5612) को रोका गया। चालक शराब के नशे में धुत पाया गया। जब पुलिस ने वाहन जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की, तो चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस अधिकारियों से उलझकर सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कांड संख्या 34/26 दर्ज की गई है।
जब्ती और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

About Author

error: Content is protected !!