धनबाद नगर निकाय चुनाव : उपायुक्त व एसएसपी ने डिस्पैच–रिसीविंग सेंटर का किया निरीक्षण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने अंतिम चरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार सुबह विभिन्न डिस्पैच और रिसीविंग सेंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित योजना के अनुसार सभी कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

सबसे पहले दोनों अधिकारी शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम स्थित वाहन कोषांग पहुंचे, जहां से लगभग 250 बसें और 250 छोटे वाहनों को चुनाव कार्य के लिए रवाना किया जाना है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी वाहनों को तय रूट चार्ट के अनुसार समय पर डिस्पैच सेंटर भेजा जाए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक धनबाद स्थित रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया और पोलिंग सामग्री के मूवमेंट प्लान का सख्ती से पालन करने को कहा। यहां धनबाद नगर निगम के 55 वार्ड और चिरकुंडा नगर परिषद के 21 वार्ड के लिए बनाए गए रिसीविंग टेबल, वज्रगृह, काउंटिंग हॉल और मीडिया सेंटर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
भ्रमण के अंतिम चरण में अधिकारी मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स धनबाद स्थित डिस्पैच सेंटर पहुंचे। यहां से मतदान दलों और सामग्री को निर्धारित समय पर रवाना करने की तैयारी की गई है। रिजर्व पोलिंग पार्टी शेड, कार्मिक कोषांग, पास कोषांग, मेडिकल कैंप, फूड स्टॉल, कंट्रोल रूम और मीडिया कोषांग का भी निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि डिस्पैच के दिन कंट्रोल रूम से वाहन चालकों और पोलिंग पार्टियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए जाएंगे तथा मतदान के बाद सभी दल सीधे रिसीविंग सेंटर पहुंचेंगे। वहीं एसएसपी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टी से पहले पुलिस बल तैनात रहेगा और चुनाव सामग्री के सुचारू आवागमन के लिए 23 रूटों पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है।