नगर निगम चुनाव धनबाद: महापौर प्रत्याशी नीलम मिश्रा ने नामांकन लिया वापस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झामुमो में अंदरूनी दबाव और सियासी खींचतान के लगे आरोप, जनता करेगी फैसला
धनबाद/झारखंड | 6 फरवरी 2026
नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत धनबाद नगर निगम के महापौर पद की प्रत्याशी नीलम मिश्रा ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने यह प्रक्रिया निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो एवं विशाल कुमार पांडेय के समक्ष पूरी की।
निर्वाची पदाधिकारी ने जानकारी दी कि
7 फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे,
23 फरवरी को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदान होगा,
जबकि 27 फरवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे से मतगणना की जाएगी।
पार्टी दबाव को लेकर उठे सवाल
नीलम मिश्रा के नामांकन वापसी के बाद सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि झामुमो के शीर्ष नेतृत्व की ओर से उन पर पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के समर्थन में नामांकन वापस लेने का दबाव बनाया गया।
सूत्रों के अनुसार, नीलम मिश्रा ने यह निर्णय भरे मन से लिया। उनके समर्थकों और कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में एक जमीनी महिला कार्यकर्ता की उपेक्षा हुई, जिससे संगठन के भीतर असंतोष उभरकर सामने आया है।
चुनावी नतीजों पर टिकी निगाहें
नीलम मिश्रा के नामांकन वापस लेने के बाद यह मामला अब जनता की अदालत तक पहुँच चुका है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम का असर नगर निगम चुनाव के नतीजों में देखने को मिल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि धनबाद की जनता 23 फरवरी को मतदान के जरिए इस सियासी घटनाक्रम पर क्या फैसला सुनाती है।