गोलीबारी से बाल-बाल बचा बोकारो, तीन कुख्यात अपराधी हिरासत में

गोलीबारी से बाल-बाल बचा बोकारो, तीन कुख्यात अपराधी हिरासत में

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा आपराधिक कांड

बोकारो। बोकारो पुलिस ने आज समय रहते कार्रवाई कर एक बड़े गोलीकांड को होने से पहले ही टाल दिया। चास (मु.) थाना क्षेत्र के बांधडीह रेलवे साइडिंग में गोली चलाकर दहशत फैलाने की साजिश रच रहे तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजनीश शर्मा उर्फ शुक्ला, सलमान अहमद और मोहम्मद सैफुद्दीन के रूप में हुई है। ये वही अपराधी हैं जिन्होंने सितंबर 2025 में इसी इलाके में रंगदारी के लिए फायरिंग कर एक ट्रैक्टर चालक को घायल किया था।
इस मामले की जानकारी देते हुए बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चारपहिया वाहन से रेलवे ठेकेदार पर गोली चलाने की नीयत से बांधडीह रेलवे साइडिंग की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस द्वारा वाहन रोकने का इशारा करने पर आरोपी भागने लगे। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस ने ओवरटेक कर वाहन को रोका। इसके बाद भी आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक XUV कार, पिस्टल, कारतूस, धमकी भरा पत्र और वायरलेस डोंगल बरामद किया गया है। पूछताछ में तीनों ने पूर्व में हुए गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि रजनीश शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ चास, सेक्टर-4, चास (मु.), जरीडीह और बोकारो स्टील सिटी थाना में कई संगीन मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है। पत्रकार वार्ता के दौरान चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

About Author

error: Content is protected !!