धनबाद में नशे में धुत एसयूवी चालक का तांडव, दो कारों को मारी टक्कर, चार घायल

धनबाद में नशे में धुत एसयूवी चालक का तांडव, दो कारों को मारी टक्कर, चार घायल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत एटलेन स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के समीप शनिवार रात तेज रफ्तार और नशे में धुत एसयूवी चालक ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित गति से दौड़ रही एसयूवी ने पहले एक चलती कार को टक्कर मारी, फिर सामने खड़ी दूसरी एसयूवी से जा भिड़ी।
इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जबकि एसयूवी में सवार एक युवक को भी चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

कैसे हुआ हादसा :
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसयूवी (जेएच 10 सीजेड-2501) मेमको मोड़ से कुर्मीडीह मोड़ की ओर सर्विस लेन से अत्यधिक तेज गति में जा रही थी। लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने पहले कार (जेएच 10 सीआर-9239) को टक्कर मारी। इसके बाद भागने के प्रयास में आगे खड़ी एसयूवी (जेएच 10 सीएक्स-0023) से टकरा गई।

वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त :
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

एक ही परिवार के तीन लोग घायल :
घायलों की पहचान बारामुड़ी निवासी कर्मवीर श्रीवास्तव, उनकी पत्नी और बेटे रणवीर कुमार के रूप में हुई है। वे अपनी कार से मेमको मोड़ की ओर जा रहे थे।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से चालक पकड़ा गया :
हादसे के बाद एसयूवी में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि चालक मन्नु रजवार को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बरवाअड्डा थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एसयूवी से शराब की बोतलें बरामद :
पुलिस ने एसयूवी की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें बरामद की हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक हादसे से पहले मेमको मोड़ के पास शराब पी रहे थे और कुछ लोगों से झगड़ा भी किया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि चालक शराब के नशे में था या नहीं।

एटलेन में रफ्तार और नशे का बढ़ता खतरा :
एटलेन इलाके में नशे की हालत में तेज रफ्तार वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले भी रेस लगा रही कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे और इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई थी।

About Author

error: Content is protected !!