तेतुलमारी किराना व्यवसाई गोलीकांड व लूटपाट मामले का पुलिस ने किया उद्भेदन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राजगंज व तेतुलमारी थाना की संयुक्त कार्रवाई में 4 अपराधी गिरफ्तार

तेतुलमारी/धनबाद : तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति चौक के पास तिलाटांड़ निवासी किराना दुकानदार अर्जुन महतो पर हुए गोलीकांड व लूटपाट प्रयास के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में संलिप्त चारों अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी पिस्तौल, पांच जिंदा गोली, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

गुप्त सूचना पर सघन वाहन जांच के दौरान कार्रवाई
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी एवं तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में शुक्रवार रात्रि सोनदाहा बस्ती के समीप राजगंज–तेतुलमारी मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे दो मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध तेतुलमारी से राजगंज की ओर आते दिखे। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर सभी आरोपी बाइक मोड़कर सोनदाहा बस्ती की ओर भागने लगे, लेकिन भागने के क्रम में असंतुलित होकर गिर पड़े।
पुलिस ने पीछा कर चारों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान चारों आरोपियों के पास से
2 देशी पिस्तौल
5 जिंदा गोली
4 मोबाइल फोन
2 मोटरसाइकिल
बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान चारों अपराधियों ने 10 जनवरी को शक्ति चौक स्थित किराना दुकानदार अर्जुन महतो पर गोली चलाने और लूटपाट का प्रयास करने की बात स्वीकार की। साथ ही उन्होंने अपने एक अन्य फरार साथी का नाम भी बताया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में पाथरडीह थाना कांड संख्या 16/24 के तहत भी मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
रिंकु मंडल (20 वर्ष)
रवि महतो (19 वर्ष)
समसुल अंसारी (26 वर्ष)
गौतम धिवर (30 वर्ष)
इस कार्रवाई में राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी,
तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी,
बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार,
राजगंज थाना के शौकत अली,
तेतुलमारी थाना के गुरु दयाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।