कोयला क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच का मशाल जुलूस, 19 जनवरी को DGMS घेराव की चेतावनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : कोयला क्षेत्र में लगातार बढ़ती आग, भूधसान, जहरीली गैस रिसाव, डस्ट प्रदूषण और अकारण विस्थापन के खिलाफ नागरिक सुरक्षा मंच के बैनर तले शुक्रवार को मशाल जुलूस निकाला गया। यह मशाल जुलूस केन्द से पुटकी प्रभु महतो चौक तक शांतिपूर्ण तरीके से निकाला गया।
मशाल जुलूस के दौरान मंच के नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कोयला क्षेत्र के बस्ती, शहर एवं गाँव के लोग भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। कहीं आग की समस्या है, कहीं भूधसान हो रहा है तो कहीं जहरीली गैस रिसाव से लोगों की जान जा रही है। वहीं डस्ट प्रदूषण भयंकर रूप ले चुका है, जिसका सबसे बुरा असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
नेताओं ने कहा कि माइनिंग के कारण गांवों में खेती लगभग समाप्त हो चुकी है। किसानों की जमीन बर्बाद हो रही है, लेकिन न तो उन्हें उचित मुआवजा मिल रहा है और न ही पुनर्वास या रोजगार की कोई ठोस व्यवस्था की जा रही है। अकारण विस्थापन बेरोकटोक जारी है और लोगों को उनकी पुश्तैनी जमीन से बलपूर्वक बेदखल किया जा रहा है, जिससे आम जनता अपने भविष्य को लेकर गंभीर चिंता में है।
नागरिक सुरक्षा मंच की प्रमुख मांगें:
केन्दुआ राजपूत बस्ती एवं अन्य स्थानों में गैस रिसाव की समस्या का अविलंब समाधान किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
बढ़ते डस्ट प्रदूषण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
अकारण विस्थापन पर रोक लगाई जाए तथा उचित पुनर्वास, क्षतिपूरण एवं रोजगार की व्यवस्था के बाद ही किसी का विस्थापन किया जाए।
जिनकी जमीन माइनिंग के कारण ली गई है या बर्बाद हो चुकी है, उन्हें पुनर्वास, क्षतिपूरण एवं नियोजन दिया जाए।
आग एवं भूधसान से लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
विगत दिनों केन्दुआ राजपूत बस्ती में जहरीली गैस रिसाव से मृतकों के आश्रितों को नौकरी एवं मुआवजा दिया जाए।
पिछले कई वर्षों में आग, भूधसान, जहरीली गैस रिसाव एवं पर्यावरण प्रदूषण से हुई दुर्घटनाओं के लिए दोषी अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
मंच ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार जांच के लिए समिति गठित कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो 19 जनवरी 2026 को केन्दुआ से हजारों की संख्या में लोग पैदल मार्च कर DGMS मुख्यालय का घेराव करेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित:
CITU नेता मानस चटर्जी, राजद नेता मोहम्मद हातीम अंसारी, भगवान दास शर्मा, आजसू नेता जितू पासवान, केन्दुआ अंदर बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पुटकी चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष मो. मुस्तफा अंसारी सहित विशू महतो, बम-बम यादव, बोबी यादव, गोलू यादव, संतोष पासवान, शंकर केशरी, बिनोद पासवान, मो. इजराईल अंसारी, भोलू यादव, रविन्द्र गुप्ता, बलराम साव, मो. फरीद, बबलू पासवान, चंदू रविदास, अजय गोप सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।