Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कतरास (धनबाद)
कतरास क्षेत्र से एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही का दर्दनाक चेहरा सामने आया है। मूसा पहाड़ी के पास कांको मोड़ के समीप बालू लदे एक ट्रैक्टर ने सड़क किनारे मौजूद एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे से आक्रोशित सैकड़ों स्थानीय लोगों ने कतरास–राजगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सुबह करीब 7:00 बजे से लगा जाम कई घंटों तक जारी रहा, जिसके कारण सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन दोनों ओर फंसे रहे और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही बाघमारा अंचलाधिकारी (सीओ) सहित स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर और फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बालू लदे ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार और नशे की हालत में चलाए जाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और अवैध बालू ढुलाई पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन प्रशासन के हस्तक्षेप से जाम हटाने की कोशिश जारी है।