Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह:
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगाबाद अंचल कार्यालय के एक राजस्व उप-निरीक्षक (CI) और उसके सहयोगी बिचौलिये को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जमीन के दाखिल–खारिज में अवैध वसूली की शिकायत पर की गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी बेटी लक्ष्मी कुमारी वर्णवाल के नाम पर मोतीलेदा गांव स्थित जमीन के दाखिल–खारिज के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। कार्यालय में अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्हें पंचायत स्तर के एक कर्मचारी के पास भेजा गया। आरोप है कि उक्त कर्मचारी ने दाखिल–खारिज कराने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने धनबाद स्थित ACB कार्यालय में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने गुरुवार को जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए राजस्व उप-निरीक्षक सुरेंद्र यादव तथा बिचौलिया मुकेश कुमार को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
ACB की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई से अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।