धनबाद में तिब्बती समुदाय ने मनाया विश्व शांति दिवस, दलाई लामा की दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना; सफाई कर्मियों को बांटे 800 कंबल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। बुधवार को धनबाद स्थित हीरापुर पार्क मार्केट के तिब्बती वूलन मार्केट में तिब्बती समुदाय की ओर से विश्व शांति दिवस और विश्व मानवाधिकार दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 14वें दलाई लामा को 36 वर्ष पहले मिले नोबेल शांति पुरस्कार की याद में हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समुदाय के सदस्यों ने दलाई लामा के 90 वर्ष पूर्ण होने पर उनकी दीर्घायु, विश्व शांति और वैश्विक सद्भावना के लिए विशेष प्रार्थना की। मार्केट के प्रधान ओलो ने बताया कि यह दिवस तिब्बती समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और पूरे वर्ष मानवता एवं भाईचारे का संदेश देने का अवसर प्रदान करता है।

वहीं महिला सदस्य करुणा ने कहा कि इस वर्ष को “करुणा वर्ष (Compassion Year)” के रूप में मनाया जाएगा, जिसका उद्देश्य मानवता, परस्पर सहयोग, सह-अस्तित्व और शांति को आगे बढ़ाना है।

800 कंबल बांटे गए सफाई कर्मियों के बीच
तिब्बती समुदाय ने इस अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व दिखाते हुए धनबाद नगर निगम के सफाई कर्मियों के बीच 800 कंबल का वितरण किया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविराज शर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
समुदाय के सदस्यों ने बताया कि जरूरतमंदों की मदद और मानवाधिकारों की रक्षा करना इस दिवस का मूल संदेश है, जो करुणा, सेवा भावना और शांति की मजबूत नींव रखता है।