एसएनएमएमसीएच की सर्जिकल आईसीयू में घुसा सियार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

एसएनएमएमसीएच की सर्जिकल आईसीयू में घुसा सियार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद के 600 बेड वाले शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार देर रात अस्पताल के इमरजेंसी ब्लॉक में स्थित सर्जिकल आईसीयू में अचानक एक सियार घुस जाने की घटना सामने आई। उस समय वार्ड में मौजूद मरीज नींद में थे और लाइटें भी आंशिक रूप से बंद थीं।

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल का एक आउटसोर्स कर्मचारी आधी रात के बाद वार्ड की ओर जा रहा था, तभी उसने देखा कि एक सियार इमरजेंसी विभाग में घुसकर सर्जिकल आईसीयू की तरफ बढ़ रहा है। कर्मचारी ने तुरंत नर्सिंग स्टाफ को सतर्क किया और आईसीयू की लाइटें जलाने को कहा। जैसे ही रोशनी हुई, सियार एक बेड के नीचे से निकलकर तेज़ी से बाहर भाग गया। सौभाग्य से किसी मरीज, परिजन या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं हुआ।

घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल परिसर में आए दिन कुत्ते और जंगली जानवर घूमते देखे जाते हैं। ऐसे में इमरजेंसी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में जंगली जानवर का घुस जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन स्टाफ का कहना है कि रात में कई एंट्री पॉइंट पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहते, जिससे बाहरी जानवर आसानी से अंदर आ जाते हैं। यह घटना मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।

 

About Author

error: Content is protected !!