धनबाद में विधि-व्यवस्था मजबूत करने के लिए सिटी हॉक्स की व्यापक गश्ती
50 बाइक पर सवार पुलिस पदाधिकारी और जवान कई संवेदनशील इलाकों में तैनात
धनबाद : शहर में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को धनबाद पुलिस की सिटी हॉक्स पेट्रोलिंग टीम ने बड़े पैमाने पर गश्ती अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) श्री सुमित कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
करीब 50 पेट्रोलिंग बाइकों का काफिला शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होते हुए निकला। गश्त में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने हीरापुर, सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, बैंक मोड़, धनसार चौक, नया बाजार, वासेपुर, भूली, विनोद बिहारी चौक, कुर्मीडीह, मेमको मोड़ और स्टील गेट सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण किया।
डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि इस गश्ती अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार, तथा आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। गश्त के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें शांति एवं सहयोग बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अभियान ने जहां आमजनों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया, वहीं असामाजिक व अपराधी तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया कि शहर में पुलिस हर समय सक्रिय है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित तौर पर चलाए जाएंगे, ताकि धनबाद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत रह सके और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर तुरंत अंकुश लगाया जा सके।