झारखंड स्थापना दिवस पर सिटी सेंटर में स्ट्रीट डांस का आयोजन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद।
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार बुधवार को धनबाद के सिटी सेंटर चौक पर भव्य स्ट्रीट डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर झारखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का रंगारंग प्रदर्शन देखने को मिला। स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में छऊ, झूमर और सरहुल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में आम जनता की भी बड़ी भागीदारी रही। मंच पर आरोही नाट्य मंच, धनबाद द्वारा झारखंड की विविध संस्कृति को प्रदर्शित करती विशेष प्रस्तुति दी गई।
एडीएम सप्लाई मोहम्मद जियाउल अंसारी ने कहा कि,
“हम सब झारखंड वासी आज रजत जयंती मना रहे हैं। हमारा राज्य संस्कृति का प्रदेश है, जहां अलग-अलग परंपराओं के लोग मिलकर रहते हैं। आज हमने कोशिश की है कि झारखंड की सभी संस्कृतियों को एक मंच पर लाया जाए।”
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड को और समृद्ध व विकसित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है, और इस लक्ष्य में समाज के हर तबके की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिले भर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें सिटी सेंटर का स्ट्रीट डांस सबसे आकर्षक केंद्र रहा।