धनबाद स्टेशन रोड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दुकानदारों को 24 घंटे की चेतावनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: धनबाद नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को स्टेशन रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह कार्रवाई रणधीर वर्मा चौक से लेकर श्रमिक चौक तक की गई। सड़क किनारे बनाए गए अवैध दुकानों, कब्जों और शेड्स को नगर निगम की टीम ने पूरी तरह से हटा दिया।

नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि स्टेशन रोड पर यातायात जाम की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई दुकानदारों ने सड़क के हिस्से पर कब्जा कर रखा था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। इस वजह से आज यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा,
“सभी दुकानदारों को मुनादी कर दी गई है कि वे अगले 24 घंटे के भीतर स्वयं अपनी दुकान के आगे से कब्जा हटाएं, अन्यथा नगर निगम का बुलडोजर चलाया जाएगा। आगे केवल डेढ़ फीट तक का शेड या स्थान ही रखने की अनुमति होगी।”

वहीं, यातायात प्रभारी लव कुमार ने बताया कि बरमसिया में 45 दिनों तक चल रहे मरम्मत कार्य के कारण बैंक मोड़ ओवरब्रिज पर ट्रैफिक लोड बढ़ा है। ऐसे में स्टेशन रोड पर भी भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
उन्होंने कहा,
“सड़क को फुटपाथ दुकानदारों और स्थायी दुकानों द्वारा कब्जा कर लिया गया था। अब सड़क को पूरी तरह से खाली कराया गया है ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।”
नगर निगम की टीम ने चेतावनी दी है कि अगर दुकानदारों ने नियमों का पालन नहीं किया, तो अगले चरण में सख्त कार्रवाई की जाएगी।