रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स रैकेट के चार सदस्य गिरफ्तार, ₹28 लाख का ब्राउन शुगर बरामद

रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स रैकेट के चार सदस्य गिरफ्तार, ₹28 लाख का ब्राउन शुगर बरामद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची: राजधानी रांची पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 129 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी कीमत करीब ₹28 लाख बताई जा रही है।

एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि बिहार के सासाराम से कुछ लोग ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रहे हैं और न्यू मार्केट चौक, रातू रोड के पास सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने मंगलवार रात सादे कपड़ों में न्यू मार्केट चौक स्थित टेम्पो स्टैंड के पीछे घेराबंदी की।
रात करीब 10:15 बजे, एक महिला संदिग्ध अवस्था में पहुंची और कुछ लोगों से बात करने लगी। पुलिस की टीम ने जब उन्हें घेरने की कोशिश की, तो कुछ लोग भाग निकले।
हालांकि, पुलिस ने एक महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सेजल उर्फ साहिस्ता प्रवीण उर्फ सेजल गुप्ता के रूप में हुई।
उसके पास से 92.46 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पिता, बहन और जीजा भी शामिल निकले

पूछताछ के दौरान सेजल ने बताया कि यह अवैध कारोबार उसके पिता मो. सरवर के संरक्षण में होता है।
पुलिस ने सरवर को भी गिरफ्तार किया।
सेजल ने अपनी बहन मुस्कान उर्फ सागुफ्ता प्रवीण और जीजा मो. राजू का नाम भी उजागर किया, जो रातू स्थित अलकमर कॉलोनी में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे।

पुलिस ने वहां छापेमारी कर मुस्कान और मो. राजू को भी गिरफ्तार किया। उनके पास से 36.85 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

बिहार से रांची तक फैला नेटवर्क

गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे सासाराम (बिहार) के बबन साह और सूरज कुमार से ब्राउन शुगर लाते थे और रांची के हिंदपीढ़ी, सुखदेवनगर, कोतवाली और मोराबादी इलाकों में ऊँचे दामों पर बेचते थे।

कुल जब्ती और गिरफ्तारियां

कुल गिरफ्तार आरोपी: 4 (सेजल, मो. सरवर, मुस्कान, मो. राजू)

कुल जब्त ब्राउन शुगर: 129.31 ग्राम

अनुमानित कीमत: ₹28 लाख

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि रांची पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About Author

error: Content is protected !!