मधुबन पुलिस की कार्रवाई: पुराने मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद:
मधुबन थाना कांड संख्या 94/24 से जुड़े एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी सुंदर भुइया उर्फ सोहिल कुमार को पुलिस ने रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर उसके घर महेशपुर 75 क्वार्टर से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर 2024 की रात करीब 10 बजे बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में बिजली कटने के दौरान चार चोर केबल काटने के लिए खदान में घुस गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मजदूरों में अफरातफरी मच गई थी।
सूचना पर पहुंची सीआईएसएफ टीम और प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए एक अपराधी संतोष कुमार उर्फ पीलिया (जो कोल कर्मी का पुत्र है) को केबल के साथ पकड़ लिया था।
मधुबन पुलिस द्वारा पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपने तीन साथियों — सुंदर भुइया उर्फ सोहिल कुमार, गोविंद साव और सोनू कुमार — के नाम बताए थे। इनमें से 19 सितम्बर को पुलिस पहले ही गोविंद साव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इस मामले में बीसीसीएल प्रबंधन के नारायण हांसदा की लिखित शिकायत पर मधुबन थाना में बीएनएस धारा 303(2)/317(5)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।