सब्जी मंडी में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित मिर्जागंज जगन्नाथडीह सब्जी मंडी रविवार की सुबह रणभूमि में तब्दील हो गई। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। झड़प में करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सब्जी खरीद-बिक्री के दौरान लगे जाम को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस दौरान कई फल और सब्जी के ठेले व दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में किया। फिलहाल पुलिस बाजार क्षेत्र में कैंप कर रही है।
बताया जा रहा है कि बाद में दोनों गुट थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर मारपीट व रंगदारी मांगने का आरोप लगाया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।