हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता: नक्सली ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हजारीबाग। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोकारो-हजारीबाग सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। मौके से दो एसएलआर राइफलें, कई मैगजीन, बड़ी संख्या में कारतूस, पिठू बैग, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
गुप्त सूचना पर चला अभियान:
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजान ने बताया कि यह अभियान गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया। सूचना थी कि नक्सली संगठन के कुछ सदस्य सीमा क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय हैं। इस पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया।
बड़ी वारदात की साजिश नाकाम:
एसपी ने कहा कि बरामद हथियारों से स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता और संयुक्त कार्रवाई से उनकी साजिश नाकाम हो गई।
बरामदगी के बाद पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है और सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ यह कार्रवाई राज्यव्यापी रणनीति का हिस्सा है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।