एफसीआई गोदाम फायरिंग कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम लोडिंग प्वाइंट पर ट्रक भाड़ा बढ़ाने को लेकर हुई फायरिंग की घटना का धनबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे एफसीआई गोदाम परिसर में ट्रक चालक श्रवण कुमार यादव को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल श्रवण को शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया।
शाम लगभग 5 बजे घायल का बयान दर्ज किया गया, जिसके आधार पर धनसार थाना कांड संख्या 185/25 दर्ज किया गया है।
श्रवण यादव के बयान के अनुसार, घटना के समय ट्रांसपोर्टर और ट्रक मालिकों के बीच भाड़ा वृद्धि को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान ट्रांसपोर्टर कुणाल सिंह ने गाली-गलौज करते हुए पिस्टल निकाल ली और फोन पर अपने साथियों को बुलाया। कुछ देर बाद काला रंग का स्कॉर्पियो (JH10BA-6100) लेकर उदय प्रताप सिंह, करणवीर सिंह समेत 4-5 अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान श्रवण यादव को दाहिने हाथ और पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 14 कारतूस और एक खोखा बरामद किया। बाद में कार्रवाई करते हुए कुणाल सिंह को निचितपुर अस्पताल और करणवीर सिंह को पाटलिपुत्रा नर्सिंग होम से इलाज के दौरान गिरफ्तार किया गया।
सिटी एसपी ने बताया कि घटना में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही शेष अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।