9 साइबर ठग गिरफ्तार, हवाला के जरिए ठगी के पैसे के ठिकाने लगाने का खुलासा

9 साइबर ठग गिरफ्तार, हवाला के जरिए ठगी के पैसे के ठिकाने लगाने का खुलासा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित द होटल कैसल में छापेमारी कर 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹5,80,700 नकद, 17 मोबाइल फोन, 23 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, एक एप्पल आईपैड और एक डेल लैपटॉप जब्त किया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को होटल के एक कमरे में छापेमारी की। इस दौरान नौ युवक लैपटॉप और मोबाइल के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए।

जांच में सामने आया कि ये साइबर ठग फर्जी बैंक खातों और @superpay, @moonpay, @dragonpay और @acpay जैसे एपीके (APK) फाइल्स का उपयोग करते थे। ये एप्स बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़ा ओटीपी ऑटो-फॉरवर्ड कर देती थीं, जिससे आरोपी ठगी की रकम अपने नियंत्रण में ले लेते थे।

सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि ठगी से प्राप्त रकम को USDT क्रिप्टो करेंसी में बदलकर हवाला नेटवर्क के जरिए विभिन्न ठिकानों पर भेजा जाता था। हवाला के जरिए यह पैसा डमी खातों में ट्रांसफर कर स्थानीय एजेंटों की मदद से नकद में निकाला जाता था।

पुलिस अब इन ठिकानों और एजेंटों की पहचान में जुटी है। बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच में कई ऐसे बैंक खातों और एटीएम कार्डों के फोटो मिले हैं, जिन पर पहले से NCRP और JMIS पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं
कुमार विशाल सिंह (पाथलडीह, धनबाद), अर्नव कुमार रॉय (हावड़ा, पश्चिम बंगाल), सुमित कुमार (पाथलडीह), रिजवान खान (चास, बोकारो), राहुल कुमार रॉय (स्वारडीह, धनबाद), विशाल कुमार (नोनिया पट्टी, धनबाद), मोहम्मद आसिफ (सुल्तान नगर, बोकारो), मोहम्मद मोबस्सिर आलम (कमरमकदुमी रोड, धनबाद) और राजकुमार सिंह (कैलाश नगर, बोकारो)।

पुलिस का कहना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर हवाला नेटवर्क और ठगी की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया जाएगा।

About Author

error: Content is protected !!