सरायढेला में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी ने तोड़ा कार का शीशा, बच्चे को लगी चोट

सरायढेला में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी ने तोड़ा कार का शीशा, बच्चे को लगी चोट

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परिवार ने लगाया नशे में दुर्व्यवहार का आरोप, पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल

धनबाद। जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात वाहन जांच के दौरान पुलिस पर दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप लगा है। सुगियाडीह निवासी विशाल महतो ने आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनकी कार का शीशा तोड़ दिया, जिससे वाहन में बैठे बच्चे को चोट लग गई।

घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। विशाल महतो अपने परिवार के साथ हीरापुर से मेला देखकर अपने घर सुगियाडीह लौट रहे थे। तभी सरायढेला थाना क्षेत्र में चल रही वाहन जांच के दौरान उनकी कार को पुलिस ने रोका।

विशाल का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मी को सभी वैध कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया, फिर भी एक पुलिसकर्मी ने बिना किसी कारण डंडे से कार के आगे वाले शीशे पर वार कर दिया।

इससे शीशा टूट गया और अंदर बैठे बच्चे के हाथ में चोट लग गई। विशाल के मुताबिक, जिस पुलिसकर्मी ने शीशा तोड़ा, वह नशे में था और उसने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी चुप रहे और किसी ने परिवार की मदद नहीं की। विशाल ने बताया कि जब वे शिकायत करने सरायढेला थाना पहुंचे, तो थाना प्रभारी ने भी उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया।

इस घटना के बाद परिवार दहशत में है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटना ने पुलिस की साख पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

About Author

error: Content is protected !!