जिले के व्यस्तम चौक-चौराहों का एसएसपी ने किया निरीक्षण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जाम से मुक्ति के लिए दिए विशेष दिशा-निर्देश
धनबाद। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने गुरुवार को कई व्यस्तम चौक-चौराहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों को किसी भी हालत में जाम की समस्या से परेशान न होना पड़े।
एसएसपी सबसे पहले श्रमिक चौक पहुंचे, इसके बाद उन्होंने स्टेशन रोड, गया पुल, स्टील गेट और गोविंदपुर मोड़ का निरीक्षण किया। इन इलाकों में अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने मौके पर मौजूद ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह सहित अधिकारियों से बातचीत की और तुरंत समाधान के उपाय करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ठेला-खोमचा और अनियंत्रित वाहन ही जाम की बड़ी वजह हैं। उन्होंने थाना प्रभारियों को कड़ी निगरानी रखने और दोषियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही पीक आवर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान गोविंदपुर मोड़ हाईवे पर खड़े आधा दर्जन ऑटो जब्त करने का आदेश दिया गया। सभी ऑटो को थाने ले जाया गया। एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया कि ऑटो और टोटो चालकों के विरुद्ध जांच अभियान तेज किया जाए और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
एसएसपी ने दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा – “जाम से निजात दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।”