मैथन में तीन शातिर बदमाश पकड़े गए, दो अब भी फरार – चार जिलों की पुलिस कर रही है गहन पूछताछ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: मैथन क्षेत्र से एक बड़ी कार्रवाई में पुलिस को सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार, बोकारो पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर डीवीसी के बीपी नियोगी अस्पताल के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पकड़े गए आरोपियों को बोकारो पुलिस ने तुरंत मैथन पुलिस को सौंप दिया। उनके पास से दो बाइक बरामद की गई हैं। बाइक की डिक्की से चोरी और छिनताई करने में प्रयुक्त कई सामान मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये बदमाश लंबे समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय थे और चोरी व लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसी कारण, इस मामले की गहन जांच के लिए मैथन, बोकारो, चिरकुंडा, कुमारधुबी और पंचेत थाना पुलिस आरोपियों से अलग-अलग मामलों में पूछताछ कर रही है।
फिलहाल, पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।