बरवाअड्डा में चला ट्रैफिक चेकिंग अभियान, कई वाहन जब्त, चालान की कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्ट: बलराम भंडारी

धनबाद/बरवाअड्डा – बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता देखने को मिली। ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में किसान चौक के पास विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान हेलमेट का उपयोग, वाहनों के वैध कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, और ट्रिपल लोडिंग जैसे नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया।
पुलिस ने मौके पर कई वाहन चालकों को बिना हेलमेट व वैध कागजात के पकड़ा और चालान की कार्रवाई की। वहीं, कुछ वाहन दस्तावेज़ प्रस्तुत न कर पाने के कारण जब्त भी किए गए।
ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों में कमी लाना है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
इस अभियान में बरवाअड्डा थाना प्रभारी लव कुमार, ट्रैफिक सर्जन प्रवीन कुमार, और ट्रैफिक मेजर राजेश दुबे भी शामिल रहे।