रेल लाइन पार करते समय हादसे का शिकार हुआ आउटसोर्सिंग कर्मी, हालत नाजुक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मालगाड़ी की चपेट में आकर दोनों पैर और एक हाथ हुआ क्षतिग्रस्त, आईसीयू में भर्ती
लोयाबाद से Prime News 24
लोयाबाद: डीसी रेलवे लाइन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शाम करीब 4 बजे की है, जब बाँसजोड़ा रेलवे स्टेशन से पूरब दिशा में पोल संख्या 7/28 के पास खड़ी मालगाड़ी के बीच से रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहे नमन झा, मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही नमन खड़ी मालगाड़ी पर चढ़कर दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहे थे, उसी वक्त मालगाड़ी अचानक चल पड़ी और वह उसके नीचे आ गए। इस भीषण दुर्घटना में उनके दोनों पैर और एक हाथ कट गया।
30 वर्षीय नमन झा बिहार के समस्तीपुर जिला निवासी हैं और बाँसजोड़ा स्थित डेको कंपनी में मेकैनिकल हेल्पर के रूप में कार्यरत थे। वे कंपनी के कैंपस में ही रहते थे।
घटना के बाद साथियों ने तत्काल उन्हें असर्फी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती किया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
डेको कंपनी के इंजीनियर एसएस पांजा ने बताया, “नमन की हालत काफी गंभीर है, वे अभी आईसीयू में हैं। डॉक्टर लगातार निगरानी में रखे हुए हैं। कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।”
यह हादसा न सिर्फ रेलवे सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि रेल पटरियों पर कार्यरत कर्मियों को पर्याप्त सावधानी और प्रशिक्षण की कितनी सख्त आवश्यकता है।